बिलसंडा। लिलहर गांव में जमीन के लालच में मझले भाई ने अपने बेटे और पत्नी के साथ मिलकर छोटे भाई की हत्या कर दी। शव घर में करीब आठ फुट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया। बड़े भाई की शिकायत पर पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच और पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या की बात स्वीकारी। युवक की हत्या लाठी-डंडे से पीटकर की गई। पुलिस ने गड़्ढा खुदवाकर शव बरामद किया। सूचना पर सीओ बीसलपुर प्रगति चौहान भी गांव पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
बीसलपुर कोतवाली के गांव भौरूआ निवासी हंसराज (35) पुत्र करन सिंह तीन भाई है। वह अपने बड़े भाई पृथ्वीराज के साथ भौरुआ में रहता था। मझला भाई नक्षत्रपाल सिंह अपनी ननिहाल करेली थाना क्षेत्र के गांव लिलहर में परिवार सहित रहता है। परिजनों का कहना है कि ननिहाल में उन्हें सात बीघा जमीन मिली है। इसी जमीन को लेकर भाइयोंं में विवाद चल रहा है। 12 दिसंबर को हंसराज अपने बड़े भाई को बताकर लिलहर आया था। वापस न जाने पर भाई पृथ्वीराज ने पुलिस को सूचना दी। मझले भाई नक्षत्रपाल पर बेटे ज्ञानेंद्र के साथ मिलकर छोटे भाई की हत्या का आरोप लगाया। शुक्रवार की शाम करीब चार बजे पुलिस गांव पहुंची और कड़ाई से पूछताछ की तो नक्षत्रपाल ने हंसराज की हत्या कर शव जमीन में दबा देने की बात स्वीकार कर ली।
बड़े भाई पृथ्वीराज ने हंसराज की हत्या 14 दिसंबर को किए जाने की जानकारी दी। इसी दिन आरोपियों ने हंसराज की गांव के बाहर मंडी के पास पिटाई की। बाद में घर लाकर हत्या कर दी और शव गड्ढे में दबा दिया।
शव बरामदगी के लिए गड्ढा खुदवाया
हंसराज की हत्या कर नक्षत्रपाल ने उसका शव घर में ही गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया। इसके लिए उसने करीब आठ फुट गहरा गड्ढा खोदा। हत्या का पता चलने के बाद पुलिस ने शव बरामदगी के लिए गड्ढा खुदवाया। सूचना पर सीओ बीसलपुर प्रगति चौहान भी पहुंची हैं। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
पिता-पुत्र और मां पर केस दर्ज
हंसराज की हत्या मामले में पुलिस ने नक्षत्रपाल समेत तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। करेली थाना प्रभारी विपिन शुक्ला ने बताया कि आरोपियों में नक्षत्रपाल का बेटा ज्ञानेंद्र और उसकी पत्नी राधा का नाम शामिल है। मुख्य आरोपी नक्षत्रपाल की गिरफ्तारी की गई है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया है।
जमीनी विवाद में हत्या की है। शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जा रहा है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।- प्रगति चौहान, सीओ बीसलपुर
सात बीघा जमीन ने ली जान
- नमक डालकर दबाया था शव, गांव में परचून की दुकान चलाता है आरोपी भाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/बिलसंडा। ननिहाल में मिली सात बीघा जमीन ने भाई को भाई का दुश्मन बना दिया। लालच इस कदर बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे की हत्या कर शव मिट्टी में दबा दिया। शव पूरी तरह नष्ट हो जाए, इसके लिए काफी मात्रा नमक भी शव पर डाला गया। हत्या की इस वारदात में पत्नी और बेटे ने भी साथ दिया।
मृतक हंसराज की मां मायादेवी को अपने मायके लिलहर में सात बीघा जमीन मिली थी। उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा पृथ्वीराज और छोटा हंसराज पैतृक गांव भौरूआ में रहने लगा। मझला बेटा नक्षत्रपाल अपने परिवार के साथ ननिहाल लिलहर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पूर्व माया देवी की मौत हो गई। इसके बाद से ही तीनों भाइयों में जमीन के बंटवारे का विवाद शुरू हो गया। ननिहाल की सात बीघा जमीन हंसराज की हत्या का कारण बनी।
नक्षत्रपाल चलाता है परचून की दुकान
बताया जा रहा है कि हत्या आरोपी नक्षत्रपाल गांव में परचून की दुकान चलाता है। बड़े भाई पृथ्वीराज की शिकायत के बाद 12 दिन बाद हत्या का भेद खुला और पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया है।
हत्या से पहले कहासुनी और पिटाई
ग्रामीणों के अनुसार नक्षत्रपाल ने ननिहाल में मिली जमीन को धोखे से अपने नाम कर लिया था। इसी बात को लेकर भाइयोंं में विवाद चल रहा था। इसको लेकर 14 दिसंबर को हंसराज और नक्षत्रपाल में कहासुनी हुई थी। दोनों के बीच मारपीट हुई थी। गांव के बाहर सब्जी मंडी के पास आरोपी ने बेटे के साथ मिलकर उसकी पिटाई की थी।