अमरिया। बरात घर में खाना गिरने को लेकर हुई डांट से नाराज वेटर और उसके परिजनों ने ठेकेदार को पहले घर बुलाकर पीटा। आरोप है कि इसके बाद अगले दिन दोबारा बाजार में धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घायल ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा अमरिया निवासी शमशाद पुत्र महबूब रजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वेटर ठेकेदार के रूप में कार्य करता है। 24 नवंबर को वह काम करने के लिए रॉयल हेरिटेज रिजॉर्ट, माधोपुर गया था। वेटर जीशान से गलती से एक मेहमान पर खाना गिर गया।
इससे नाराज होकर मेहमान ने डांट लगाई। उसके पूछताछ करने पर जीशान उससे उलझ गया, इस पर जीशान को वहां से हटा दिया। आरोप है कि इसी रंजिश में 25 नवंबर को जीशान और उसकी मां गुड़िया ने उसे फोन कर बहाने से घर बुलाया। वहां पहुंचने पर जीशान, उसकी मां, भाई राशिद, भतीजा मुशाहिद, समीर और अन्य परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर गालीगलौज करते हुए मारपीट की।
इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि अगले दिन 26 नवंबर को भी आरोपियों ने अमरिया बाजार में उसे और उसके भाई को घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद