बीसलपुर। नगर की मुख्य बाजार में शनिवार को देर शाम दबंगों ने फिल्मी स्टाइल में काफी उत्पात मचाया। एक व्यापारी की चेन खींच ले गए। दबंग अपनी एक बाइक मौके पर छोड़ गए। मामला पुलिस में पहुंच गया है।
मोहल्ला बख्तावर लाल निवासी राकेश भारद्वाज ने बताया कि तहसील रोड के मुख्य मार्ग के इमली तिराहे पर उनकी पान की थोक की दुकान है। शनिवार को देर शाम वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। उसी समय दो बाइकों पर सवार होकर आए चार युवक उनकी दुकान के सामने से काफी तेजी से गुजरे। संतुलन बिगड़ जाने से एक बाइक राकेश भारद्वाज की दुकान से टकरा गई। इससे उनकी दुकान का काफी सामान बिखर गया। वह घायल होते-होते बचे। जब उन्होंने उन लोगों को नियंत्रित गति में बाइक चलाने का सुझाव दिया तो वे लोग झगड़ने को तैयार हो गए। विवाद होते देख मौके पर भीड़ लग गई। इसपर बाइक सवाराें ने फोन कर अपने 12 से अधिक साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए फिल्मी स्टाइल में डंडा दिखाकर धमकाया। पथराव करने की धमकी दी। पड़ोसी दुकानदार मणिक गुप्ता ने जब व्यापारी का पक्ष किया तो उन लोगों ने मणिक गुप्ता से धक्का मुक्की की और उसके गले में पहनी करीब दो लाख रुपये से अधिक कीमत की सोने की दो तोला वजन की चेन खींच ली। मारपीट भी की गई। आरोपी जल्दबाजी में अपनी एक बाइक भी छोड़ गए। सूचना मिलते ही जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक वे लोग गली में होते हुए भाग गए थे। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।