गजरौला। थाना क्षेत्र में भाई दूज के दिन एक विवाहित महिला के लापता होने का मामला प्रेम-प्रसंग में बदल गया। आरोप है कि ग्राम खाग निवासी युवक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर भगा ले गया और अपने घर में बंद कर दिया। महिला अपने साथ करीब एक लाख रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी लेकर गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना गजरौला क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री की शादी बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। भाई दूज पर वह अपने पति के साथ मायके आई थी। पर्व समाप्त होने के बाद शाम को दामाद और पुत्री घर लौट गए।
आरोप है कि इसके बाद ग्राम खाग निवासी अजय कुमार उसकी विवाहित पुत्री को प्रेम-प्रसंग में फंसाकर भगा ले गया और उसकी पुत्री को गांव के ही मथुरा प्रसाद के घर में बंद कर रखा। जब वह बेटी को लेने पहुंची तो अजय और उसके घरवालों ने गालीगलौज करते हुए अभद्रता की। उसकी पुत्री घर से एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।