पीलीभीत। रुपये के लेनदेन को लेकर मजदूर पर एसिड से हमला करने के मामले में पीड़ित ने गिरफ्तारी की मांग की है। कोतवाली पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। एएसपी रोहित मिश्र ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट तलब की है।
मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी अकरम मजदूरी करते हैं। आठ अक्तूबर की रात उन पर एसिड से हमला किया गया था। उन्होंने रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहे पुराने विवाद में मोहल्ले के ही तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिला अस्पताल में हुए मेडिकल परीक्षण में चिकित्सक ने एसिड की पुष्टि नहीं की थी। मामले को सर्जन के लिए रेफर कर दिया था। उधर, कोतवाली पुलिस की शुरुआती जांच में रुई से एसिड के जख्म बनवाने की बात निकलकर सामने आई थी। जिसके चलते मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई। पीड़ित द्वारा डीएम से गुहार लगाने पर पैनल से दुबारा मेडिकल परीक्षण कराने के आदेश किए गए थे। एक माह बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एएसपी के सामने पेश होकर न्याय की गुहार लगाई। एएसपी रोहित मिश्र ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने घटना की प्रगति की जानकारी जुटाई जाएगी। पैनल से हुए मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट तलब की गई है। उसका अध्ययन करने के बाद अग्रिम निर्णय लिया जाएगा।