मकान दिलाने के लिए जमीन का झांसा देकर जालसाज ने साढ़े नौ लाख रुपये की ठगी कर ली। कोतवाली पुलिस ने सिविल लाइन नार्थ निवासी लीलावती पत्नी भगवानदास की ओर से छह अक्तूबर की रात धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें चपरासी कॉलोनी निवासी राजू शर्मा और बीसलपुर के ग्राम जगतपुर निवासी हीराकली को नामजद किया है।
तहरीर में महिला ने बताया कि उसके बेटे आकाश की कुछ साल पहले राजू से मुलाकात हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और घर आना-जाना बढ़ गया। पति के नाम की कृषि भूमि बेचकर पीड़िता के परिजन शहर के आसपास मकान की तलाश करने लगे। इस पर राजू ने कहा कि वह उनको बेहतर जगह दिला देगा। 31 जनवरी 2018 को राजू पीड़िता के पति को बीसलपुर ले गया और उनके हिस्से की कृषि भूमि हीराकली के नाम करा दी। कृषि भूमि बेचकर मिले साढ़े नौ लाख रुपये राजू ने अपने पास रख लिए। कहा कि जल्द ही वह उनको मकान के लिए जगह दिलवा देगा। कुछ माह बाद स्टांप और अन्य कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए। एक साल तक चली टालमटोल के बाद पीड़िता ने अपने रुपये वापस मांगे। इस पर वह जमीन दिलाने का झांसा देकर टालता रहा। अब एक सप्ताह पूर्व उसने रुपये लौटाने से ही इंकार कर दिया है। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। प्रकरण से जुड़े कागजात भी मंगाए गए हैं।