न्यूरिया (पीलीभीत)। दुर्गा पूजा मेले में झगड़े की सूचना पर सोमवार रात करीब पौने 12 बजे पहुंची पुलिस से कुछ लोग उलझ गए। इस बीच एक हंगामेबाज ने पत्थर फेंककर पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। पुलिस सख्त हुई तो सभी भाग गए। सिपाही की तरफ से मामले में चार लोगों के खिलाफ तोड़फोड़ की धारा में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बंगाली कॉलोनी में नवरात्र के मौके पर तीन दिन से दुर्गा पूजा मेला चल रहा है। सोमवार रात मेले में लगी एक तमाशे की दुकान के पास चार लोग आपस में झगड़ गए। सूचना मिलने पर एसआई समर सिंह, कांस्टेबल रविंद्र सिंह, संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। इस बीच लोग जमा हो गए और पुलिस का विरोध करने लगे। पुलिस को उनको समझा रही थी कि हंगामा करने वालों में से एक ने पत्थर फेंककर पुलिस की गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। सख्ती करने पर वह भाग गए। पुलिस ने हंगामेबाजों की जानकारी की और लौट आई। इंस्पेक्टर बिरजाराम ने बताया कि सिपाही संजीव कुमार की तरफ से गौतम सरकार, अमित विश्वास भोला और मंजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।