अमरिया (पीलीभीत)। मजदूर बहारउद्दीन की हत्या परिजन की ओर से नामजद किए गए आरोपी अमरिया कस्बा निवासी सावेज ने अवैध संबंध में खलल डालने पर की थी। पुलिस का कहना है कि मृतक की करीबी एक महिला से आरोपी का संबंध था। मजदूर की ओर से इसका विरोध होने पर वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी को पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है।
कस्बा अमरिया निवासी मजदूर 25 वर्षीय बहारउद्दीन दो सितंबर को अचानक लापता हो गया था। उसका शव 11 सितंबर को देवहा फीडर नहर में मिला था। पोस्टमार्टम में मौत ब्रेन हैमरेज से होना बताया गया और शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे। मां रुखसाना बेगम की तरफ से पुलिस ने कस्बे के ही सावेज के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओ अमरिया पुष्कर सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की गई तो सामने आया कि आरोपी सावेज के मृतक की करीबी एक महिला से अवैध संबंध थे। इसको लेकर मजदूर बहारउद्दीन लगातार विरोध कर रहा था। घटना के दिन आरोपी ने बहारुद्दीन से इसी को लेकर बातचीत की। इसी दौरान दोनों के झगड़ा हुआ और मारपीट में जान चली गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। मृतक के कपड़े रखा बैग आरोपी उसके घर पहुंचा आया, ताकि उस पर कोई शक न हो। रविवार को गिरफ्तारी कर आरोपी को जेल भेज दिया है।