बरखेड़ा (पीलीभीत)। संदिग्ध हालात में ससुराल में विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को शव जमीन पर पड़ा मिला। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के बरगदा गांव निवासी गंगाप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन गोमती देवी की शादी आठ साल पहले पिपरिया मंडन गांव के रहने वाले संतोष कुमार से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले बाइक और 50 हजार रुपये की मांग करते थे। इसको पूरा करने में असमर्थता जताने पर मानसिक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित करने लगे। शनिवार गोमती (32) की पिटाई कर हत्या कर दी। गांव के व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी। इसके बाद परिवार वाले बरगदा पहुंचे तो गोमती का शव जमीन पर पड़ा मिला। उधर, पति संतोष कुमार का कहना है कि उसकी शादी को 13 साल हो चुके हैं। भाइयों के परिवार वालों से पत्नी की कहासुनी आएदिन होती थी। शनिवार को भी मामूली झगड़ा हुआ था। मामला शांत कराने के लिए पत्नी को डांट दिया था। इसके बाद रात 10 बजे पत्नी गोमती ऊपरी मंजिल पर कमरे में चली गई और प्लास्टिक की रस्सी से फंदा बनाकर कुंडे के सहारे लटककर जान दे दी। बच्चों के शोर मचाने पर उन्हें घटना का पता लगा। शव नीचे उतारने के बाद उसके परिवार वालों को सूचित किया गया। एएसपी रोहित मिश्र ने बताया कि मृतका के भाई से मिली तहरीर के आधार पर पति संतोष कुमार, जेठ बबलू, राजपाल, सत्यपाल के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।