पीलीभीत। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल जिला जजी परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर गुरुवार को अधिवक्ता कलम बंद हड़ताल पर रहे। वकीलों ने जजी परिसर में जुलूस निकालकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रहेगी।
जिला संयुक्त बार अध्यक्ष रामऔतार रस्तोगी, सचिव साबिर हुसैन अंसारी, पूर्व अध्यक्ष किशनलाल, पूर्व सचिव महेश शर्मा, सिविल बार अध्यक्ष स्नेहलता तिवारी, उपाध्यक्ष मोहम्मद अनवार अहमद खां, सेंट्रल बार अध्यक्ष शिव शर्मा, सचिव एसएम ऊरुज की अगुवाई में वकीलों ने कचहरी परिसर में जुलूस निकालकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल जजी परिसर में लाया जाए। पहले ये मुकदमे जिला जजी में चल रहे थे। नव स्थापित जगह पर वादकारियों एवं वकीलों के बैठने का स्थान नहीं है। नए स्थान के पड़ोस में लेखपालों का प्रशिक्षण केंद्र है, जहां शोर होता है। टनकपुर रोड काफी व्यस्त है, जिससे आने जाने में असुविधा होती है। इसे जिला जजी कलक्ट्रेट में स्थापित किया जाए। ज्ञापन देने वालों में राजकमल राजन, डीपी सिंह बक्शी, हाजी इजहार अशरफ कुरैशी, वीरेंद्र कुमार शर्मा, विनय सक्सेना, स्वीटी गुप्ता आदि शामिल रहे।