पीलीभीत। एल्डर कमेटी ने जिला संयुक्त बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। यह निर्णय बार काउंसिल के पत्र के आधार पर लिया है। पूर्व में एल्डर कमेटी ने 10 नवंबर को संयुक्त बार एसोसिएशन का चुनाव कराए जाने का कार्यक्रम घोषित किया था।
करीब एक पखवाड़ा पूर्व संयुक्त बार कार्यालय में एल्डर कमेटी की बैठक में चुनाव कार्यक्रम पर चर्चा हुई थी और तैयारियां शुरू कर दी गई। सर्वसम्मति से छह मई को नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी तय की गई। 10 नवंबर की सुबह 10 से तीन बजे तक मतदान और चार बजे से मतगणना का कार्यक्रम घाेषित किया। एल्डर कमेटी ने एडवोकेट हरदयाल को चुनाव संपन्न कराने का दायित्व सौंपा।
इस बीच उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की ओर से मार्च 2026 तक किसी भी तरह के चुनाव पर रोक लगा दी। इसके बाद एल्डर कमेटी ने बृहस्पतिवार को जिला संयुक्त बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया निरस्त कर दी है। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने बताया कि बार काउंसिल के पत्र के आधार पर चुनाव प्रक्रिया निरस्त की है।