बरखेड़ा। गांव भोपतपुर से रुद्रपुर जा रहे बाइक सवार दंपती को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पति और पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय बाइक सवार हेलमेट पहने थे। हादसा बरेली जिले के बहेड़ी हाईवे पर हुआ है।
गांव निवासी हरपाल ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे रविंद्र कुमार अपनी पत्नी 35 वर्षीय गुड्डी देवी के साथ अपनी ससुराल उझानिया थाना भोजीपुरा से मोटरसाइकिल पर सवार होकर उत्तराखंड के रुद्रपुर जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे बरेली जिले के बहेड़ी हाईवे पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपती घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। परिजन बरेली के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज करा रहे थे, तभी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गुड्डी देवी ने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे 14 वर्ष का एक पुत्र हर्षित को छोड़ गई है। वह लखनऊ में मामा के घर रह कर पढ़ाई कर रहा है। मृतका के पति रुद्र की एक फैक्टरी में काम करते है।पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि घटना बरेली में हुई, परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।