पीलीभीत। सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ले में काफी लंबे समय से चरस की बिक्री कर रहे दंपती को पुलिस ने पंचायत घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। बाद में बरामद चरस को सीलकर उन्हें जेल भेज दिया।
उपनिरीक्षक धीर सिंह ने थाना सुनगढ़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि उन्हें सूचना मिली कि इस्लामनगर में पंचायत घर के पास एक महिला और पुरुष चरस की बिक्री करने के लिए खड़े हुए हैं। इस पर पुलिस टीम ने छापा मारकर दोनों लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मुख्तियार और आमिना खातून बताए। दोनों के पास से कुल 1200 ग्राम चरस और इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद हुआ। चरस पकड़े जाने की सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी पवन कुमार पांडेय भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान हिंदू संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से चरस की बिक्री का धंधा कर रहे हैं।