पीलीभीत। चार जून को होने वाली मतगणना की तैयारी चल रही है। सर्विस वोट और पोस्टल बैलेट के लिए अलग से 16 टेबल लगाई गई हैं। जहां पर 32 कार्मिक मतों की गिनती करेंगे।
चार जून को ईवीएम से मतगणना को लेकर टेबल लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही मंडी में अलग से सर्विस मत और पोस्टल बैलेट के लिए भी आठ-आठ टेबल लगाई गईं हैं। इन टेबलों पर दो-दो मतगणना कर्मी गिनती कार्य में रहेंगे। नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया अब तक जिले में 1191 सर्विस मत आ चुके हैं। जिले से 2262 मत भेजे गए थे। यह मत चार जून तक आएंगे। उन्होंने बताया पहले सर्विस मत और पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। इसके लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
पीलीभीत। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बुधवार को मंडी परिसर स्थित मतगणना स्थल पर पहुंचकर चल रहीं तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना के लिए विधानसभावार बनाई गईं टेबल, बैलेट पेपर टेबल, आरओ टेबल, मतगणना एजेंट गैलरी का निरीक्षण करते हुए संबंधित को सीसीटीवी कैमरे, लाउडस्पीकर, कंप्यूटर सहित समस्त उपकरण लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा सभी विधानसभाओं में सीसीटीवी कैमरे व पैरामिलिट्री फोर्स की उपस्थित में मतगणना की जाएगी। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम लाने ले जाने के संबंध में प्रत्येक मशीन के साथ सुरक्षा कर्मी अनिवार्य साथ में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना कर्मियों, एजेंट के लिए निर्धारित प्रवेश स्थलों से ही प्रवेश दिया जाए। मंडी परिसर में बिना आईकार्ड प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु पूनिया, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर व कलीनगर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद
दूसरे दिन सीडीओ ने दिया प्रशिक्षण
गोमती सभागार में दूसरे दिन बुधवार को प्रभारी कार्मिक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने मतगणना कर्मियों से संवाद किया और उनके सवालों का जवाब भी दिया। कहा कि मतगणना के दौरान ईवीएम को सावधानी के साथ खोला जाए। जहां पर दिक्कत हो तो मास्टर ट्रेनर से संपर्क करें।