बिलसंडा (पीलीभीत)। अतिक्रमण, मास्क और सामाजिक दूरी को लेकर पुलिस और नगरपालिका की ओर से किए जा रहे चालानों को लेकर व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। नगरपंचायत ईओ पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने आवाज बुलंद की। एकत्र होकर नारेबाजी की गई और ईओ को हटाने की मांग तक कर दी। व्यापारियों के जमा होने की खबर पुलिस और नगर पंचायत के अधिकारियों तक पहुंची भी, मगर कोई बातचीत के लिए नहीं पहुंचा। प्रशासन नियम उल्लंघन पर कार्रवाई होने की बात कह रहा है। वहीं व्यापारी कोरोना संकट काल में हुए नुकसान का हवाला देकर राहत की मांग करते रहे।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है। दिल्ली समेत कई राज्यों के साथ ही जनपद में भी कोरोना मरीज एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। त्योहारी सीजन और सहालग में भीड़ उमड़ने, कोविड नियमों की अनदेखी करने को इसकी अहम वजह माना जा रहा है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन से निर्देश मिलने के बाद प्रशासन सख्त हुआ। मास्क और सामाजिक दूरी की अनदेखी करने वालों के चालान कर जुर्माना वसूलने की जिम्मेदारी नगरपालिका, नगरपंचायत और पुलिस को दी गई।
समीक्षा में कार्रवाई कम और सड़कों पर नियम उल्लंघन बढ़ने पर चालान बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इस पर टीम भी सख्त हो गई। बिलसंडा में दुकानों के नालों पर अतिक्रमण करने और कोविड नियमों की अनदेखी पर चालान कर जुर्माना वसूलने में व्यापारियों पर कार्रवाई होने लगी। इसका विरोध करते हुए व्यापारियों ने शनिवार शाम को कमल पार्क पर जाम लगाकर नारेबाजी की थी। दूसरे दिन रविवार सुबह भी एकजुट होकर व्यापारी कार्रवाई का विरोध करते रहे। नगरपंचायत कार्यालय पहुंचकर ईओ के खिलाफ नारेबाजी की गई। सभासद भी व्यापारियों के समर्थन में आ गए। उन्होंने ईओ को हटाने की मांग कर दी। बोर्ड की बैठक का बहिष्कार करने का भी एलान कर दिया।
उधर, व्यापारियों की मांग है कि वसूला गया जुर्माना वापस किया जाए। इसके अलावा कार्रवाई से एनाउंसमेंट कराकर जागरूक करें। व्यापारी कोरोना काल में पहले ही नुकसान में हैं। एसडीएम बीसलपुर राकेश गुप्ता और विधायक बीसलपुर रामसरन वर्मा से भी इसे लेकर फोन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। प्रदर्शन करने वालों में डीके गुप्ता, आशीष सक्सेना, सुधांशु पाराशर, छोटे शर्मा, डॉ.अवधेश शर्मा, विशन गुप्ता, सुशील शुक्ला, रजत सागर आदि थे।
अधिकारियों के निर्देश पर कोविड नियमों का पालन कराया जा रहा है। किसी तरह की अवैध वसूली नहीं हुई है। वसूले गए जुर्माने को सरकारी राहत कोष में जमा किया जाएगा।
- वंदना शर्मा, ईओ
व्यापारियों ने फोन पर अपनी शिकायत बताई है। इसका समाधान कराने के लिए सोमवार को बैठक की जाएगी। इसमें ईओ और व्यापारियों दोनों को शामिल किया जाएगा। कोरोना महामारी से बचाव को लागू किए गए नियमों में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
- राकेश गुप्ता, एसडीएम बीसलपुर