पीलीभीत। कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण से वंचित 6587 स्वास्थ्य कर्मियों के लिए पहले दो दिन तय किए गए थे। मगर अब एक और दिन बढ़ा दिया है। अब संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को 28, 29 जनवरी के अलावा चार फरवरी को टीका लगेगा। इसी के साथ पहले चरण का टीकाकरण संपन्न होगा।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा रहा है। जनपद में 7967 कर्मियों का टीकाकरण होना था। 16 जनवरी को टीकाकरण के दौरान तीन बूथों पर 300 का लक्ष्य तक किया था। जहां 265 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगा। वहीं 22 जनवरी को 14 बूथों पर 1406 कर्मियों का टीकाकरण का लक्ष्य तय था, मगर यहां भी 1115 वर्करों ने टीका लगवाया। पहले चरण को जल्द से जल्द निपटाने के लिए शासन के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने निर्देश दिए हैं कि पहले चरण का टीकाकरण 28,29 और चार फरवरी को पूरा कर लें। ताकि दूसरे चरण की रुपरेखा तैयार की जा सके। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 28 जनवरी को होने वाले टीकाकरण के लिए 21 बूथ चिन्हित किए हैं। यहां पर 2625 स्वास्थ्य वर्करों को टीका लगेगा। इसमें टीकाकरण से छूटे हुए अमरिया, बिलसंडा, बीसलपुर, माधोटांडा और न्यूरिया के भी स्वास्थ्य कर्मचारियों को शामिल किया है। 29 जनवरी को 19 बूथों पर 2375 और चार फरवरी को 15 बूथों पर 1587 कर्मचारियों को टीका लगेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि 10 फरवरी से दूसरे चरण का टीकाकरण भी शुरू हो सकता है। हालांकि विभागीय अफसर इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
वैक्सीन की जनपद में पहुंची दूसरी खेप
कुछ दिन पहले ही टीकाकरण से बचे हुए स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण के लिए शासन ने आठ हजार वैक्सीन की आवंटित की थी। बरेली में वैक्सीन पहुंचने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को सुरक्षा व्यवस्था के साथ वैक्सीन लेने के लिए रवाना किया गया। देर शाम वैक्सीन वैन मुख्यालय पर पहुंची। वैक्सीन को वैक्सीन भंडार कक्ष में रखवाया गया।
शासन ने इन तारीखों पर पहले चरण को समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। प्लान तैयार कर लिया गया है। इन तारीखों पर सभी जगह टीकाकरण कराया जाएगा। वैक्सीन की दूसरी खेप भी मिल चुकी है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ