पीलीभीत। कोरोना से बचाव के लिए शुरू होने वाले टीकाकरण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शासन की गाइडलाइन के तहत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने रणनीति बनाई है, मकर संक्रांति के बाद 16 जनवरी से जिले में टीकाकरण शुरू होगा। सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन पहले स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाएगी। यह प्रक्रिया महज अलग-अलग चार दिन में पूरी की जाएगी। पहले चरण का टीकाकरण जिले के 28 स्थानों पर होगा।
अब तक टीकाकरण के लिए कुल तीन चरण निर्धारित किए गए हैं, इसमें पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मी, दूसरे चरण में पुलिस कर्मी, नगरपालिका और राजस्व, फिर तीसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर 50 वर्ष से कम उम्र के उन लोगों को भी टीकाकरण का लाभ दिया जाएगा जो 50 से कम उम्र के हैं और किसी न किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले चरण में 7963 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसको चार दिन में निपटाने के लिए रुपरेखा तैयार की गई है। इसमें 16 जनवरी को होने वाले टीकाकरण के लिए सात स्थान चिह्नित किए गए हैं। जहां एक बूथ पर 100 लोगों को ही टीका लगाया जाएगा, इसके बाद 18 जनवरी को 21 स्थानों पर, 22 जनवरी को 26 और 25 जनवरी को 25 स्थानों पर टीकाकरण होगा। इन स्थानों पर पोर्टल पर अपलोड स्वास्थ्य कर्मियों को ही टीका लगेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण करने वाली टीम को सूची दी जाएगी। जिससे मिलान करने के बाद ही टीकाकरण होगा।
16 जनवरी को चिह्नित किए गए स्थान
- अर्बन में शारदा अस्पताल
- सामुदायिक केंद्र अमरिया
- सामुदायिक केंद्र जहानाबाद
-सामुदायिक केंद्र न्यूरिया
- सामुदायिक केंद्र बरखेड़ा
- सामुदायिक केंद्र बीसलपुर
- सामुदायिक केंद्र पूरनपुर
ये होंगी तैयारियां
- टीकाकरण 28 स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाएगा।
- 56 वैक्सीनेटर टीकाकरण प्रक्रिया को पूरा करेंगे।
- प्रत्येक केंद्र पर हर दिन 100 व्यक्ति को टीका लगेगा।
- टीकाकरण के बारे में मेसेज से मिलेगी स्वास्थ्य कर्मियों को जानकारी।
- मेसेज न पहुंचने पर फोन कर स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के लिए भी बुलाने की तैयारी
पहले चरण को चार दिन में निपटा दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण की तैयारियां शुरू की जाएंगी। पहला चरण पूरा होते ही शासन के निर्देश पर दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ