माधोटांडा। थाना क्षेत्र के रामनगरा गांव में सोमवार को एक युवक की मौत के बाद उसके कोरोना संक्रमित होने का शोर मच गया। ग्रामीणों ने स्थिति साफ न होने तक अंत्येष्टि करने से रोककर विरोध किया। बाद में गांव के जागरूक लोगों के समझाने पर देर शाम युवक की अंत्येष्टि हो सकी।
रामनगरा का यह युवक कुछ दिन पहले पंजाब से वापस आया था। इसके बाद वह हजारा क्षेत्र में स्थित अपनी ससुराल चला गया था। दो दिन पूर्व वहां से अपने गांव रामनगरा लौटा। बताया जा रहा है युवक नशे का आदी था। सोमवार को उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद गांव में कोरोना वायरस का शोर मच गया। ग्रामीण भी स्थिति साफ होने तक शव का अंतिम संस्कार करने का विरोध करने लगे। जानकारी होने पर जागरूक लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर युवक के शव का अंतिम संस्कार कराया गया। इंस्पेक्टर शहरोज अनवर ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा गया था। हालांकि तब तक अंतिम संस्कार हो गया था। युवक पिछले दिनों बाहर से आया था। कोरोना वायरस की अफवाह थी।