बीसलपुर। बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूर गांवों में कोरोना बम बनते नजर आ रहे हैं। हाल ही में दो गांवों में करीब 300 मजदूर बाहर से आकर बिना स्क्रीनिंग कराए घरों में रहने लगे हैं। इनके परिवार वाले भी खामोश हैं। ऐसे में गांव वाले संक्रमण फैलने के डर से घबराए हुए हैं।
चंद्रपुरा के प्रधान नूर हसन ने बताया कि उनके गांव में 45 मजदूर राजस्थान और हरियाणा से आए हैं। उनकी स्क्रीनिंग नहीं हुई। वे ऐसे ही आकर सीधे अपने घरों में रहने लगे। बमरोली की प्रधान ज्ञानवती मिश्रा ने बताया कि उनके गांव में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तराखंड से 225 मजदूर आए हैं। कहने के बावजूद इनमें से किसी ने सीएचसी में जाकर अपनी स्क्रीनिंग नहीं कराई। कुछ अन्य गांवों में भी 30 से ज्यादा मजदूर बाहर से आकर अपने घरों में परिवार के साथ रहने लगे हैं। इनके परिवार वाले चुप हैं। ऐसे में ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. ठाकुर दास ने इस संबंध में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए बताया कि दोनों गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजकर जानकारी कराई जाएगी।