पीलीभीत। टोडरपुर के युवक के संक्रमित मिलने के बाद जिन 103 लोगों के सैंपल लिए गए थे, उन सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं अन्य मामलों में 31 लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। अब 32 लोगों की रिपोर्ट आना ही रह गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 26 अप्रैल से लेकर 28 अप्रैल के बीच लिए गए 196 सैंपलों को लखनऊ जांच के लिए भेजा गया था। गुरुवार शाम स्वास्थ्य विभाग को कुल 134 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हो गई। ये सभी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई हैं।
27 अप्रैल को टोडरपुर के एक युवक के कोराना संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित युवक के साथ शेल्टर होम में रहने वाले लोगों के अलावा उसके साथियों और सगे संबंधियों के कुल 103 सैंपल लिए थे। इनमें कोरोना संक्रमित मिलने की आशंका जताई जा रही थी, मगर रिपोर्ट आने के बाद राहत मिल गई। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि अब केवल 32 सैंपल की रिपोर्ट आना रह गई है।