पीलीभीत। शहर विधायक और उनके ड्राइवर का बुखार कई दिन से उतर नहीं रहा। एक दिन पहले जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाए। स्वास्थ्य विभाग ने विधायक को होम आइसोलेट कर दिया था। मगर, वहां हालत बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
मंगलवार को शहर विधायक और उनके चालक ने एंटीजन किट से कोरोना की जांच कराई थी। जांच में दोनों पॉजिटिव निकले थे। उस समय तो स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें होम आइसोलेट कर दिया, मगर मंगलवार रात उनकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। विधायक ने एसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी से स्वयं और ड्राइवर को बरेली के निजी अस्पताल रेफर करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को उन्हें बरेली के निजी अस्पताल को रेफर करने की चिट्ठी तैयार की। इसके बाद शहर विधायक अपने ड्राइवर के साथ निजी कार से बरेली के अस्पताल चले गए। एसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि शहर विधायक ने स्वयं ही बरेली के निजी अस्पताल में रेफर कराने को कहा था। इसलिए उन्हें बरेली के कोविड अस्पताल में रेफर किया गया है।
दूसरी ओर विधायक के समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने के लिए रामायण और सुंदरकांड का पाठ किया। कुछ समर्थकों ने मंदिरों में जाकर भी पूजा अर्चना कर विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। संवाद