पीलीभीत। शहर के मोहल्ला साहूकारा निवासी राइस मिलर और सराफा कारोबारी कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद बरेली में भी कई व्यापारी संक्रमित निकले। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने होटलों से पार्टियों सूची मांगी थी। एक होटल मलिक ने 50 लोगों की सूची बनाकर स्वास्थ्य विभाग को दी है। सूची मिलने पर अब स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। संक्रमण का सोर्स पता लगाने के लिए ये कदम उठाया गया है।
मोहल्ला साहूकारा के संक्रमित राइस मिलर ने 28 जून को शहर के एक होटल में बर्थडे पार्टी की थी। इसमें शहर के कई नामचीन हस्तियां शामिल हुई थीं। इसके अलावा शहर से दूर एक और होटल में भी पार्टी का आयोजन हुआ था। बरेली में बीते दिनों संक्रमित मिले 48 लोगों में से भी कई इस पार्टी में शामिल हुए थे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को रोकने के लिए सभी होटलों से तीन दिन में हुई सभी पार्टी और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों का ब्यौरा मांगा था। माधोटांडा क्षेत्र के होटल मालिक ने इस पर एक पार्टी में शामिल हुए 50 लोगों की सूची बनाकर स्वास्थ्य विभाग को दी है। इसमें बताए गए लोगों के नाम देखकर अब मिलान शहर के होटल में हुई पार्टी के सीसीटीवी फुटेज से किया जाएगा। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि एक होटल से पार्टी का ब्यौरा मिला है। इसमेें शामिल लोगों की तलाश को टीम लगाई है। जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी भी खंगाले जाएंगे।