पीलीभीत। बृहस्पतिवार को जिले में कोई पहला पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया। पुलिस लाइन में तैनात और देवहा चौकी में रहने वाला एक सिपाही कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
शहर की पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही कुछ दिन पूर्व ड्यूटी से गैरहाजिर हो गया था, उसने अवकाश स्वीकृत नहीं कराया था। चार दिन पूर्व वह जब वापस आया तो गैरहाजिर होने के मामले में कोतवाली से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। पुलिस में आमद कराने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने का नियम है। इसी के तहत सिपाही का मोबाइल यूनिट टीम के द्वारा रैंडम सैंपल लिया गया था। जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
यह सिपाही देवहा चौकी की बैरक में रहता है। उसके संक्रमित मिलने के बाद पुलिस महकमा परेशान है। बैरक में साथ रहने वाले साथी पुलिसकर्मी इससे दहशत में हैं। पुलिस लाइन में सिपाही के संपर्क में आने वालों की तलाश भी शुरूकर दी गई है।
हरियाणा से लौटा प्रवासी मिला कोरोना पॉजिटिव
इसके अलावा बीसलपुर के मिगौहना गांव का रहने वाला 22 वर्षीय युवक हरियाणा से 21 जून को आया था। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन कर दिया था। स्वास्थ्य टीम एंबुलेंस लेकर दोनों संक्रमितों को लेने के लिए रवाना हो गई है।
पुलिस लाइन के एक सिपाही समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद टीम संक्रमितों को लेने के लिए रवाना हो गई है। उन लोगों की तलाश की जा रही है, जो सिपाही के संपर्क में आए हैं। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ