पीलीभीत/ गभिया सहराई। भारत नेपाल सीमा के समीप महाराजपुर गांव में एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस युवक ने ग्रामीणों की भी मुसीबत बढ़ा दी है। संक्रमित युवक होम क्वारंटीन होने के बावजूद गांव में अपने दोस्त के साथ घूमता और वॉलीबॉल खेलता रहा था। कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन किया गया है।
पूरनपुर क्षेत्र के महाराजपुर गांव का रहने वाला 26 वर्षीय युवक दस दिन पहले नोएडा से आया था। युवक आने के बाद बिना जांच कराए ही अपने घर में चुपचुप बैठ गया था। गांव में पहुंची आशाओं वर्करों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलने पर 21 जून को स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर उसे होम क्वारंटीन कर दिया था। क्वारंटीन होने के बावजूद संक्रमित युवक गांव में ही अपने दोस्तों के साथ घूमता रहा और वॉलीबॉल भी खेलता रहा। बुधवार रात को आई जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। चीफ फार्मासिस्ट श्याम सुंदर दास वर्मा ने संक्रमित युवक को कोविड अस्पताल के लिए रवाना कराया। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित के संपर्क में आने वालों को भी सैंपल के लिए पुराने जिला अस्पताल भिजवाया है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि संक्रमित युवक को कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। उसके संपर्क में आने वालों लोगों का सैंपल कराया जा रहा है। पूरे गांव को सील कर दिया गया है।