पीलीभीत। कोविड टीकाकरण का महाअभियान एक जुलाई से शुरू होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी तो कर ली है लेकिन वैक्सीन की आपूर्ति और शासन के लक्ष्य पर मामला अभी अधर में हें। टीकाकरण के लिए पूरे जिले में दो सौ टीमों को लगाया गया है। हर ब्लॉक को दस-दस क्लस्टर में बांटा गया है। सबसे अधिक 40 टीमों को पूरनपुर में लगाया गया है। टीकाकरण के लिए शासन को 50 हजार वैक्सीन की डिमांड भी भेज दी गई है।
जून में शासन से मिले लक्ष्य को पूरा करने के बाद जिले में टीकाकरण की गति को सुस्त कर दिया गया था। कारण था कि वैक्सीन की कमी हो गई थी। अब आज से होने वाले महाअभियान को लेकर पूरा अमला जुट गया है। टीकाकरण का लाभ हर घर में पहुंचाने के लिए पूरी व्यवस्था कर ली गई है। बुलावा पर्ची से लेकर सेंटर तक मौजूद रहने वाले कर्मियों को जिम्मेदारी दे दी गई है। टीकाकरण के लिए सभी ब्लॉकों को आबादी के लिहाज से दस-दस क्लस्टर में बांटा गया है। हर सेंटर पर चार लोगों की मौजूदगी रहेगी। इसके लिए दो सौ टीमें बनाई गई हैं। इसमें सबसे अधिक 40 टीमें पूरनपुर क्षेत्र के लिए लगाई गई है। टीकाकरण के लिए सात दिनों का कोटा मानते हुए शासन से कोवैक्सीन और कोविडशील्ड की 50 हजार डोज की डिमांड भेजी गई है। इधर सभी तैयारियां होने के बाद भी शाम तक शासन से रोज होने वाले टीकाकरण को लेकर कोई फरमान नहीं आ सका। संभावना जताई जा रही है कि एक हजार लोगों का टीका लगाने का लक्ष्य हो सकता है। इसके अलावा वैक्सीन को लेकर भी अधिकारी शासन के आवंटन का इंतजार कर रहे हैं। जिला वैक्सीन प्रबंधक सरोज खान ने बताया टीकाकरण की पूरी तैयारी है। लक्ष्य और वैक्सीन आने का इंतजार ही शेष रह गया है।