पीलीभीत। अभी तक एक जून से बाजार सुबह सात से शाम सात बजे तक खुल रहा था। शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी थी। अब सोमवार से इसकी समय सीमा दो घंटे और बढ़ा दी गई है। सुबह सात से रात नौ बजे तक बाजार खुलेगा। हालांकि साप्ताहिक बंदी जारी रहेगी। सभी को कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन करना होगा।
डीएम पुलकित खरे ने बताया कि पांच दिन बाजार खुलेगा। दो दिन बंदी रहेगी। उस दिन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई कराई जाएगी। कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क अनिवार्य रहेगी। रेस्टोरेंट होटल में 50 प्रतिशत क्षमता पर ग्राहक बैठाए जा सकेंगे। मगर कंटेन्मेंट जोन में छूट नहीं होगी। बीच की खाली कुर्सियों पर डू नॉट सिट लिखाना होगा। अन्य दुकानों में भी सामाजिक दूरी का पालन कराना होगा। बरात में शामिल होने वालों की संख्या 50 रहेगी। पार्क भी खुलेंगे। ई-रिक्शा में तीन लोग, जबकि चार पहिया वाहन में चार लोग ही बैठ सकेंगे। स्कूल कॉलेज और शिक्षण संस्थान में शिक्षण कार्य अभी बंद रहेगा। सिनेमा हॉल, स्टेडियम, स्वीमिंग पूल, जिम अभी बंद रहेंगे।