पीलीभीत। बदायूं में संभावित प्रत्याशी की ओर से बांटी गई शराब से चार लोगों की मौत के बाद धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस की धरपकड़ जारी है। माधोटांडा पुलिस ने कलीनगर इलाके में छापा मारकर 140 लीटर शराब बरामद की। 700 लीटर लहन नष्ट कराया गया। तीन आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पंचायत चुनाव में कच्ची शराब खपाने का खेल जोरों पर है। प्रत्याशियों की ओर से मतदाताओं को बांटने को शराब की डिमांड की जा रही है। इसे लेकर धंधेबाज सक्रिय हो गए हैं। इस पर जिले में भी अलर्ट कर दिया था। तब से लगातार कच्ची शराब के धंधेबाजों की धरपकड़ की जा रही है। हालांकि अभी भी कई बड़े धंधेबाज पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। सोमवार को माधोटांडा पुलिस ने कलीनगर कस्बा निवासी हरिशंकर पुत्र तोताराम के घर पर छापा मारा। मौके से गजरौला खुर्द निवासी लखविंदर सिंह पुत्र गुरुदयाल सिंह, माधोटांडा के रायपुर खुर्द निवासी कुलदीप सिंह पुत्र दीदार सिंह और हरिशंकर को गिरफ्तार किया। इनके पास से 140 लीटर कच्ची शराब, 700 लीटर लहन बरामद किया गया। लहन को मौके पर नष्ट कराया गया। प्रभारी निरीक्षक रामसेवक ने बताया कि तीनों आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
पंचायत चुनाव और बदायूं कांड को लेकर पहले ही अलर्ट किया जा चुका है। कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। समस्त थाना क्षेत्रों में धरपकड़ कराई जा रही है। संभावित प्रत्याशियों पर भी निगाह रखने को टीमें लगी हुई है, ताकि वह शराब न बांट सकें। - किरीट कुमार, एसपी