पीलीभीत। जनपद में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव केस निकलने के बाद सामुदायिक संक्रमण का खतरा भी मंडराने लगा है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर घरों जाकर विशेष सर्विलांस अभियान शुरू करने की योजना बनाई है। इसमें स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। अगर कोई कोरोना संदिग्ध लगता है तो उसकी सूचना सर्विलांस अधिकारी और सीएमओ को दी जाएगी, ताकि उसका समय रहते सैंपल कराकर उसे क्वारंटीन किया जा सके।
कोविड-19 संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सर्विलांस अभियान संचलित करने का निर्णय लिया है। यह अभियान पांच से 15 जुलाई तक घर-घर पहुंचकर दस्तक देकर चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सीएमओ के साथ बैठक कर इसकी कार्य योजना तैयार कर ली है। इस अभियान को पल्स पोलियो की तरह चलाया जाएगा। इसके लिए 579 टीमें गठित की गई है। यह टीमें सोमवार से शुक्रवार तक काम करेंगी। इसमें एक टीम को कम से कम 50 और अधिकतम 75 घरों को कवर करना होगा। टीम को थर्मल मशीन, मास्क, सैनिटाइजर, फेस शिल्ट दी जाएगी। टीमें घरों में जाकर वहां के लोगों का ब्यौरा एकत्र करेंगी। फिर, सबकी स्क्रीनिंग की जाएगी। अगर कोई भी कोरोना संदिग्ध मिला तो सविलांस अधिकारी को जानकारी देकर उसका सैंपल भी कराया जाएगा।
टीमें बनाकर उन्हें प्रशिक्षण देने के बाद अलग अलग इलाकों में भेजा जाएगा। इसके लिए टीमें बनाई जा रही है। जल्द ही अभियान शुरु कर दिया जाएगा।
डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ