पीलीभीत। कोविड अस्पताल मे भर्ती कोरोना संक्रमित युवक की शुक्रवार रात हालत बिगड़ गई। दर्द से कराह रहे युवक की तबियत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही डॉक्टरों की टीम कोविड अस्पताल पहुंची और उसका परीक्षण किया। डॉक्टरों ने युवक के गुर्दे में पथरी होना पाया। उसे बरेली के कोविड अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पूरनपूर नगर निवासी एक युवक तीन पहले कोरोना संक्रमित पाया गया था। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार रात संक्रमित युवक के पेट में अचानक दर्द होने लगा। असहनीय पीड़ा के चलते युवक चीखने चिल्लाने लगा। कोविड अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने इसकी सूचना सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल को दी। सीएमओ के निर्देश पर डॉक्टरों की टीम रात को ही कोविड अस्पताल पहुंच गई और युवक का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उसमें युवक के गुर्दे में पथरी होने की बात पता चली। उसी वजह से दर्द होने की बात सामने आई। सीएमओ ने युवक को बरेली रेफर करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार सुबह युवक को बरेली भेज दिया गया।