पूरनपुर। माधोटांडा सीएचसी पर कोरोना की जांच कराने गए एक बुजुर्ग की एंटीजन किट से कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सीएचसी पर ही उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक का कोविड-19 के तहत अंतिम संस्कार कराया। जब मृतक के बेटे ने अपनी जांच कराई तो वह भी कोरोना पॉजिटिव निकला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है।
पूरनपुर के मोहल्ला गनेशगंज निवासी एक 80 साल के बुजुर्ग की रविवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिवार वाले उन्हें माधोटांडा सीएचसी पर दिखाने के लिए ले गए। तो वहां डॉक्टरों ने एंटीजन किट से उनकी कोरोना जांच की। इसमें वह पॉजिटिव निकले। इसकी जानकारी मिलने के कुछ ही देर बाद सीएचसी पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने आनन फानन में ही उनका कोविड-19 नियमों के तहत पीपीई बॉडी कवर पहनाकर अंतिम संस्कार कराया। पूरनपुर एमओआइसी डॉ. प्रेम सिह ने बताया कि मृतक बुजुर्ग एंटीजन किट से कोरोना पॉजिटिव निकले थे। उनका अंतिम संस्कार कोविड नियमों के तहत कराया गया है। मृतक के बेटे को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।