पीलीभीत। विदेश यात्रा कर लौटे 12 लोगों में छह लोग एंटीजन जांच में निगेटिव आने के बाद आरटीपीसीआर में भी निगेटिव आए हैं, इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है, लेकिन वायरस का स्ट्रेन बदलने के चलते उन्हें 28 दिन होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग उनके संपर्क में आए लोगों की जांच करने में जुटा है। वहीं 12 में से चार युवक अपने परिवार से मिलकर वापस विदेश चले गए थे, जबकि दो लोग अब तक ट्रेस नहीं हो सके हैं।
कुछ दिन पहले शहर के आवास विकास कॉलोनी, निरंजन कुुंज कॉलोनी, पूरनपुर के कढ़ेरचौरा, शिवनगर, मोहल्ला कायस्थान, निरजंनपुर कजरी और बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद के रहने वाले तीन युवक विदेश से लोग आए थे। इनमें आवास विकास कॉलोनी के चार लोग परिवार से मिलने के बाद वापस लंदन लौट गए थे। जब स्वास्थ्य विभाग को इनकी सूचना मिली तो आवास विकास और बीसलपुर के दुर्गा प्रसाद के रहने वाले दो युवकों को छोड़कर अन्य छह लोगों को ट्रेस कर उनका सैंपल लेकर लखनऊ लैब में जांच को भेजा था। उन्हें होम आइसोलेट कर उनके परिवार वालों के सैंपल लिए थे। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि छह यात्रियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल अभी उन्हें गाइडलाइन के अनुसार 28 दिनों तक होम आइसोलेट ही रखा जाएगा। परिवार वालों और संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है।