पीलीभीत। बरखेड़ा क्षेत्र के जगीपुर गांव के पूर्व प्रधान के पति की बरेली में कोविड अस्पताल में सोमवार सुबह मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरेली में ही संक्रमित के शव का पीपीई कवर पहनाकर अंतिम संस्कार कराया। पूर्व प्रधान के परिवार के अन्य लोग भी जांच में संक्रमित पाए गए हैं। वे होम आइसोलेट किए गए हैं।
बरखेड़ा के क्षेत्र जगीपुर गांव के निवासी पूर्व प्रधान मधुमेह और दिल के मरीज थे। 28 जुलाई को हालत खराब होने पर परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर उनकी ट्रूनेट मशीन से कोरोना की जांच की गई तो वह निगेटिव आई थी। लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया था। बरेली में इलाज शुरू करने से पहले डॉक्टरों ने जिला अस्तपाल में ट्रूनेट मशीन से दोबारा जांच कराई तो वह कोरोना पॉजिटिव निकले। इस पर डॉक्टरों ने उन्हें रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में बने कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। वहां सोमवार को उनकी इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूर्व प्रधान के शव का बरेली में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्रधान के परिवार के 10 लोग भी कोरोना पॉजिटिव
30 जुलाई को बरेली में पूर्व प्रधान की जांच में रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। बरखेड़ा सीएचसी पर एंटीजन किट से एक अगस्त को पूर्व प्रधान के परिवार के लोगों की जांच कराई गई, तो उसमें 10 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें होम आइसोलेट किया है।
कोरोना संक्रमित पूर्व प्रधान की बरेली में जांच हुुई थी। वहीं उनकी मौत हुई है। बरेली में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया है। मृतक के परिवार में मिले संक्रमितों की निगरानी की जा रही है। गांव को सैनिटाइज भी किया गया है। -डॉ. सीएम चतुर्वेदी, एसीएमओ