पीलीभीत। आंकड़ों के मुताबिक सर्दी का कहर बढ़ते ही कोरोना का सितम कुछ कम हो गया है। इसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी संशय में हैं कि सर्दी में कोरोना बढ़ने के बजाए आखिर कम क्यों हो रहा है। अब कारण कुछ भी हो मगर संक्रमण की रफ्तार घटने से स्वास्थ्य विभाग राहत महसूस कर रहा है। अब विभाग और अन्य लोगों को कोरोना वैक्सीन का बेसब्री से इंतजार है। यहां बता दें कि स्वास्थ्य विभाग कोराना वैक्सीन को रखने और उसे लगाए जाने को लेकर काफी पहले की अपनी प्लानिंग पूरी कर चुका है।
कोरोना संक्रमण शुरू होने के बाद अगस्त मेें कोरोना ने जमकर कहर बरपाया था। इसके बाद अक्टूबर के अंत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार हल्की होती गई थी। जनपद में अब तक 4081 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 3902 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 77 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सर्दी की शुरुआत होते देखकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोरोना संक्रमण बढ़ने का अंदेशा जताया था।
चिकित्सकों का मानना था कि सर्दी में कोरोना वायरस तेजी से फैलता है, लेकिन जनपद में ऐसा नहीं हुआ है। नवंबर में शुरू हुई सर्दी के बाद आधा दिसंबर बीत चुका है। मगर कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ी नहीं है। अगर एक दिसंबर से 17 दिसंबर तक की बात करें, सिर्फ 119 कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। औसतन प्रतिदिन सात केस निकल रहे हैं।
संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की नहीं हो रही जांच
अन्य राज्यों में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के बाद शासन ने गाइड लाइन जारी करते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए थे कि संक्रमित निकलने पर उसके संपर्क में आने वाले कम से कम 25 लोगों की जांच कराई जाए। मगर जनपद में केस मिलने पर विभाग संक्रमित को होम आइसोलेट करने के बाद सिर्फ उनके परिवार वालों की ही सैंपलिंग करा रहा है। इतना जरूर है कि अगर किसी प्रशासनिक अफसर का कर्मचारी पॉजिटिव मिल जाए तो जरूर अन्य संपर्क में आने वाले लोगों की जांच करा ली जाती है।
एसएसबी के दो जवानों समेत 11 नए कोरोना पॉजिटिव
लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में ललौरीखेड़ा में स्थित 49वीं बटालियन एसएसबी में तैनात दो जवान कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा आवास विकास कॉलोनी में दो, जहानाबाद में एक, बीसलपुर में दो, बिलसंडा के राठा गांव में एक, बरखेड़ा के बजाज शुगर फैक्ट्री में एक और अमरिया में भिकारीपुर और मझोला में एक-एक कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।
सर्दी में संक्रमण बढ़ने का अंदेशा जताया गया था। यह अच्छी बात है कि संक्रमण नहीं बढ़ा। मगर सावधानी बरतनें की जरूरत है। बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ