पूरनपुर। सराफा बाजार इलाके में चार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उस इलाके में बैरिकेडिंग कर कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया। इसके बाद भी बैरिकेडिंग के अंदर की सराफा समेत कई चीजों की दुकानें खोल ली गईं। बाहर से लोग आवाजाही करते रहे। दोपहर को जानकारी मिलने पर एसडीएम ने पुलिस टीम को बुलाकर दुकानों को बंद कराया। बैरिकेडिंग की सीमा तक दुकानें बंद रखने की चेतावनी दी।
सराफा बाजार में रहने वाले चार लोगों का रैंडम सैंपल लिया गया था। चारों रविवार को आई जांच रिपोर्ट में संक्रमित मिले थे। सोमवार को चारों को कोविड अस्पताल भेज दिया गया। सराफा बजार में संक्रमित मिलने के बाद बैरिकेडिंग करके लोगों को बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई। इसके बाद भी बाजार में आवाजाही होती रही। कई सराफा दुकानें भी खुली रहीं। दुकानों पर ग्राहक भी खरीदारी को पहुंचते रहे। इसकी जानकारी मिलने के बाद एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, नायब तहसीलदार अनुराग सिंह पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे और दुकानें बंद कराईं। दुकानें न खोलने की चेतावनी व्यापारियों को दी। कोरोना संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आए 15 लोगों को सैंपल के लिए मुख्यालय भेजा गया। मेडिकल मोबाइल यूनिट भी पहुंची और करीब 100 लोगों की सैंपलिंग कराई गई।