पीलीभीत। एक दिन पहले 10 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को दिन भर स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई में जुटा रहा। संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके संपर्क में आने वालों की तलाश करती रही। परिवार वालों को क्वारंटीन कराया गया है। इन लोगों के गांव रायपुर, इटौरिया और नंदपुरवा को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया। इसी के साथ जनपद में कंटेन्मेंट जोन की संख्या 29 हो गई है।
बिलसंडा क्षेत्र के नंदपुरवा गांव निवासी 18 वर्षीय संक्रमित युवक पांच जून को दिल्ली से आया था। स्वास्थ्य विभाग ने छह जून को उसका सैंपल करने के बाद होम क्वारंटीन किया था। मंगलवार को पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने पर कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर उसकी मां, दो भाई, भाभी और गांव के अन्य आठ लोगों का सैंपल लिया। ये सभी क्वारंटीन सेंटर भेजे गए।
पूरनपुर के गांव रायपुर का रहने वाला 39 वर्षीय संक्रमित महाराष्ट्र से छह जून को आया था। इसके बाद से वह माधोटांडा सीएचसी में क्वारंटीन चल रहा था। संक्रमित पाए जाने के बाद मंगलवार रात उसे कोविड अस्पताल भेज दिया गया। उसकी मां और बेटे का सैंपल कराया गया। इटौरिया में गांव की संक्रमित महिला अपने पति, बच्चों के साथ बरहा कॉलोनी में मिले संक्रमित युवक के साथ दिल्ली से आई थी। महिला का पूरा परिवार क्वारंटीन सेंटर में पहले से था। महिला पॉजिटिव मिलने पर क्वारंटीन सेंटर से उसे कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। अब पति, बच्चों का दोबारा सैंपल कराया जा रहा है। बरहा का युवक पांच जून को संक्रमित पाया गया था। युवक के परिवार के चार लोग क्वारंटीन सेंटर में भर्ती थे, मंगलवार को उनके भी पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें कोविड अस्पताल भेज दिया गया। इनके संपर्क में आने वाले पांच पड़ोसी क्वारंटीन सेंटर भेजे गए हैं, सभी का सैंपल लिया गया है।
इधर जिरौनिया में मिले कोरोना संक्रमित की पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे भी क्वारंटीन सेंटर से कोविड में शिफ्ट कर दिया गया। महिला के संपर्क में आने वालों की तलाश की जाती रही।
10 संक्रमितों को मंगलवार रात को ही कोविड में भर्ती कर दिया गया था। इसके अलावा संपर्क में आने वाले और परिवार वालों का सैंपल करने के बाद उन्हें क्वारंटीन कर दिया है। गांव सील कर दिए गए हैं। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ