पीलीभीत। सोमवार को कोरोना संक्रमितों का पता लगने के बाद शहर के मोहल्ला बशीर खां और पूरनपुर के फैजुल्लागंज गांव को कंटेन्मेंट जोन बना दिया गया है। सोमवार को तीसरा जो संक्रमित मिला था वह अमरिया तहसील के पंसोली गांव का है। यह पंसोली गांव पहले ही दो मामले मिलने के बाद से कंटेन्मेंट जोन बना हुआ है। इसी के साथ जनपद में कंटेन्मेंट जोन की संख्या 26 हो गई है।
सोमवार रात आई रिपोर्ट के बाद टीम ने तीनों संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कर लिया है। पंसोली गांव में संक्रमित मिले दो वर्ष के मासूम को भर्ती करने के साथ ही उसकी मां को देखभाल के लिए वहीं ठहराया गया है। मोहल्ला बशीर खां बाजार से सटा घनी आबादी का इलाका है। वहां संक्रमित मिलने पर अब आसपास के लोगों को कोरोना का डर दिखाई दिया।
मोहल्ला बशीर खां निवासी 29 वर्षीय युवक अपने सगे भाई के साथ चार जून को गुरुग्राम से आया था। जानकारी मिलने के बाद पांच जून को दोनों का सैंपल लेकर उन्हें होम क्वांरटीन किया था। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना संक्रमित निकला। इसके बाद रात को ही टीम ने उसे अस्पताल भेज दिया। परिवार के छह लोगों को भी पुराना जिला अस्पताल स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखे गए हैं। सभी के सैंपल भी लिए गए हैं। पूरे इलाके को सील कर मंगलवार को सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा पूरनपुर के फैजुल्लागंज गांव निवासी 23 वर्षीय संक्रमित को भी कोविड अस्पताल भेजा गया है। वह अपने चाचा के साथ दिल्ली से रोडवेज बस से आया था। पांच जून को सैंपल लेेने के बाद उसे होम क्वारंटीन किया गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मंगलवार सुबह सहायक मलेरिया अधिकारी की पूरी टीम ने गांव में पहुंचकर सैनिटाइज कराया। संक्रमित के संपर्क में आने वाले 12 लोगों का सैंपल लिया गया। सभी को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया है।
तीन संक्रमित मिलने के बाद तीन इलाकों को सैनिटाइज करने के बाद उन्हें कंटेन्मेंट जोन कर दिया गया है। साथ ही संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की सैंपलिंग कराई गई है। आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। - डॉ सीमा अग्रवाल, सीएमओ