आठ साल की बेटी के साथ बरसीम काट रही थी महिला
ग्रामीणों का आरोप-घटिया सामग्री लगाने से गिरी दीवार
इस्लामनगर नौगवां पकडिया में निर्माणाधीन पानी की टंकी एक तरफ की चहारदीवारी अचानक भरभराकर गिर गई। इससे पास में ही बरसीम काट रहीं गांव निवासी बुंदा शाह की 50 वर्षीय पत्नी इकरामन की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई। उनकी आठ साल की बेटी मां से कुछ दूरी पर होने के कारण बाल-बाल बच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि घटिया निर्माण सामग्री लगाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
शहर से सटे थाना सुनगढ़ी के गांव इस्लामनगर में वर्ष 2011 से जल निगम पानी की टंकी का निर्माण करा रहा है। अभी यहां काफी काम बाकी है। मंगलवार को गांव निवासी बुंदा शाह थाना अमरिया क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गए थे। उनकी पत्नी इकरामन दोपहर बाद आठ वर्षीय पुत्री समी और गांव के ही हैदर की पत्नी गुड़िया के साथ निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास स्थित खेत से पशुओं के लिए बरसीम काटने गईं थी। जब वह बाउंड्री के पास बरसीम काट रही थीं तभी बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर गई। उसके मलवे के नीचे दबकर इकरामन की मौके पर मौत हो गई। उस समय उनकी पुत्री समी और गुड़िया बाउंड्री वॉल से करीब 10 मीटर की दूरी पर थीं। इससे दोनों बच गईं। गुड़िया के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबा हटाकर इकरामन को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। आसाम चौकी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
सात बेटियों, तीन बेटों के सिर से उठा मां का साया
इस्लामनगर नौगवां पकडिय़ा निवासी बुंदा शाह और उनकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके सात पुत्रियां और तीन पुत्र हैं। तीन पुत्रियों और एक पुत्र की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद से घर में कोहराम मचा है।
शिकायत पर भी नहीं जागा प्रशासन
पूर्व ग्राम प्रधान अशरफ अली ने बताया कि वर्ष 2011 से गांव में जल निगम द्वारा पानी की टंका का निर्माण कराया जा रहा है। बाउंड्री वॉल से लेकर पानी की टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री लगाई गई है। उन्होंने इसकी शिकायत कई बार जल निगम के अधिकारियों और डीएम से की थी, लेकिन प्रशासन की नींद नहीं टूटी।
घटना काफी दुखद है। इसके लिए ठेकेदार के साथ जल निगम के अधिकारी भी जिम्मेदार हैं। डीएम से मिलकर निर्माण की जांच कराकर कार्रवाई की मांग करेंगे। मृतक को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
- मोहम्मद याकूब, ग्राम प्रधान नौगवां पकड़िया