शहर में मशाल जुलूस निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
पीलीभीत। वोट चोरी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार शाम मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गैस चौराहे पर एकत्र हुए। उन्होंने हाथों में मशाल लेकर गैस चौराहे से रेलवे स्टेशन तक जुलूस निकाला, जो सुनगढ़ी थाना और छतरी चौराहा से गुजरा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर नारेबाजी की। छतरी चौराहा स्थित पार्क में पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा की सफाई कर उन्होंने विरोध जताया। जिलाध्यक्ष चब्बा ने कहा कि कथित वोट चोरी के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और हाईकमान के निर्देश पर आगे भी प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कोतवाली प्रभारी परमेंद्र कुमार और सुनगढ़ी प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। संवाद