कचहरी से जूलूस निकालकर कलक्ट्रेट जाते कांग्रेसी। स्रोत संगठन
- फोटो : संवाद
कचहरी तिराहे से कलक्ट्रेट तक निकाला जुलूस, सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया ज्ञापन
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने ज्योतिर्मठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के विरुद्ध दर्ज रिपोर्ट के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को ज्ञापन दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कचहरी तिराहे पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य के विरुद्ध मुकदमा वापस लो, सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान आदि नारे लगाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालते हुए कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया। कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 एवं 26 प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता व अपने धर्म के पालन, प्रचार-प्रसार का अधिकार देते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार असहमति और सही सुझावों को दबाने का कार्य कर रही है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि ज्योतिर्मठ के जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं उनके शिष्यों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। अमावस्या के दिन गंगा स्नान से रोके जाने, शिष्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार और अब यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों में फर्जी एफआईआर दर्ज किए जाने से आम जनमानस में आक्रोश और चिंता व्याप्त है। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संविधान द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाए। इस मौके पर डॉ. नागेश चंद्र पाठक, यूसुफ मलिक, छात्र कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मौर्य आदि मौजूद रहे। संवाद