पीलीभीत। जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने गईं पीलीभीत की छात्राओं और उनकी मां के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, बरखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हरीश कुमार सिंह मौर्य और यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप गंगवार पीड़ित छात्राओं के आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पीड़ित छात्राओं ने आरोप लगाया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान उनके साथ बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई लोगों को चोटें आईं। उनका दावा है कि एक छात्रा का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया है। पीड़ितों ने घटना की जानकारी कांग्रेस नेताओं को दी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित छात्राओं और उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। संवाद