आपस में भिड़ते बाघ । स्रोत - वीडियो ग्रैब
कलीनगर (पीलीभीत)। पर्यटन क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार सुबह बाघों के संघर्ष की घटना से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही डीएफओ मनीष सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने एक बाघ को प्रयास कर अलग किया। संघर्ष में एक बाघ के घायल होने की बात सामने आ रही है। सुरक्षा के लिहाज से टीमों को निगरानी में लगाया गया है।
घटना माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर मुस्तफाबाद और लालपुल के बीच की है। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अचानक दो बाघ मुख्य मार्ग पर आ गए। इस दौरान राहगीरों को एक बाघ के कान से खून टपकता दिखाई दिया। इस दौरान बाघों में फिर संघर्ष होने लगा। तेज दहाड़ के साथ बाघों का संघर्ष देख राहगीर दहशत में आ गए।
किसी तरह जानकारी क्षेत्रीय वनकर्मियों को हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। जानकारी के बाद डीएफओ मनीष सिंह भी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ट्रैक्टर की मदद से बाघों को अलग किया गया। इसके बाद एक बाघ आगे निकल गया, जबकि दूसरा मार्ग के किनारे ही बैठ गया।
करीब एक घंटा तक अफसर स्थिति को संभालते रहे। मार्ग पर किसी को रुकने नहीं दिया गया। स्थिति को देखते हुए डीएफओ मनीष सिंह ने निगरानी के लिए टीमें गठित कर जिम्मेदारी सौंपी। खटीमा मार्ग पर अधिक नजर रखने के निर्देश दिए गए।
000
सुरक्षा के लिहाज से कच्ची पटरी इलाके में सफारी वाहनों के संचालन पर लगाई रोक
जिस क्षेत्र में बाघों में आपसी संघर्ष हुआ, उससे सटा कच्ची पटरी का इलाका है। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से कच्ची पटरी इलाके में जंगल सफारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। टीम को नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
000
घटना की जानकारी के बाद मौके पर जाकर स्थिति को देखा गया। आपसी संघर्ष में एक बाघ के घायल होने की बात सामने आ रही है। क्षेत्रीय वन कर्मियों की टीम गठित कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
- मनीष सिंह, डीएफओ