रक्षाबंधन पर बसों में बढ़ेगी भीड़, परिचालक देंगे यात्रियों को सतर्क रहने की हिदायत
पीलीभीत। रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ ही जहरखुरानी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका भी बढ़ जाती है। यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार होने से बचाने के लिए परिवहन निगम ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। गंतव्य के लिए बस रवाना होने से पहले परिचालक यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह से सावधान रहने के लिए जागरूक करेंगे।
परिचालक यात्रियों को बताएंगे कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खानपान की वस्तु लेकर उसका सेवन न करें। किसी अपरिचित व्यक्ति के अधिक घुलने-मिलने या संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल चालक-परिचालक को इसकी जानकारी दें। यात्रियों को अपने सामान और मोबाइल आदि की भी स्वयं सुरक्षा करने के लिए कहा जाएगा। एआरएम प्रांशु पाठक ने बताया कि यात्रियों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। इसके लिए चालक-परिचालकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के समय जहरखुरानी गिरोह सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में परिचालक बसों में बैठने वाले यात्रियों को जागरूरक करेंगे। संवाद