गन्ना समिति बोर्ड की बैठक में मिलों द्वारा वर्ष 2012-13 का कमीशन न देने पर नाराजगी जताई गई और इसके लिए मिलों को नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बकाया गन्ना की खरीद को मिल गेट व क्रय केंद्रों पर समानुपातिक पर्चियां जारी करने की मांग की गई।
पीलीभीत सहकारी गन्ना समिति के सभागार में अध्यक्ष ज्ञानदेवी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। सचिव वसी अहमद ने पिछली बैठक की कार्रवाई पढ़कर सुनाई। इसके बाद बैठक के बिंदुओं पर चर्चा शुरू हुई। सचिव ने सदन को बताया कि पीलीभीत की एलएच पर 57 लाख, बरखेड़ा की बजाज मिल पर 21 लाख और ओसवाल मिल पर 30 हजार रुपया वर्ष 2012-13 के कमीशन का बकाया है। इसके लिए सदस्यों ने इन मिलों को नोटिस जारी करने और इसके बाद भी भुगतान न होने पर कानूनी कार्रवाई करने का प्रस्ताव पास किया। इसके अलावा वर्तमान सत्र के भुगतान में हीलाहवाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बैठक में मौजूद बरखेड़ा मिल के अधिारियों से भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की। इसके अलावा मिल गेट पर क्रय केंद्रों के लिए समान रुप से पर्चियां जारी करने, बड़े किसानों को दो-दो पर्चियां जारी करने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में उपाध्यक्ष गुरनाम सिंह, रचित अग्रवाल, शांतिस्वरूप, आफाक अहमद, अयोध्या प्रसाद, महेंद्र पाल, मंगली प्रसाद, बाबूराम, विजय सहित कई सदस्य व विभागीय अधिकारी थे।