बैंक अधिकारी बताकर थाना सुनगढ़ी के गांव भिकारीपुर निवासी किसान से किसी जालसाज ने एटीएम का कोड नंबर पूछकर उसके खाते से साढ़े सात हजार रूपये उड़ा दिए। किसान ने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव भिकारीपुर निवासी राजेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि उनका गांव में स्थित कैनरा बैंक शाखा में खाता है। उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह बैंक का अधिकारी बोल रहा है। कहा कि उसका बैंक से जारी एटीएम ब्लॉक हो गया है। दोबारा चालू करने के लिए पासवर्ड बताने को कहा। किसान ने बताया कि जालसाज ने उसे खाते के डिटेल की भी जानकारी दी। जिससे उसे उसकी बातों पर विश्वास हो गया। उसकी बातों में आकर उसने जालसाज को एटीएम का कोड नंबर बता दिया। जालसाज ने उसके खाते से 75 सौ रूपये निकाल लिए। किसान को रूपये निकाले जाने की जानकारी मोबाइल पर मैसेज आने पर हुई। पीड़ित किसान ने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।