इंतजार करते रह गए अधिकारी कर्मचारी, ग्रामीण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साधन सहकारी समिति पर आने की संभावना पर तैयारियां की गई थीं लेकिन वह माधोटांडा न आकर चूका स्पॉट चले गए जिससे तैयारियां धरी रह गई। मुख्यमंत्री ने आने से जहां अधिकारियों ने राहत की सांस ली वहीं ग्रामीणों को मायूस होना पड़ा।
मुख्यमंत्री के जिले में दौरे को देखते हुए माधोटांडा साधन सहकारी समिति का निरीक्षण कराने की व्यवस्थाएं की गई थीं। समिति पर धान खरीद के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त की गई थीं। वहीं ग्रामीण भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराने ज्ञापन लेकर आए थे। सुबह डीएम शीतल वर्मा के भी समिति पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। दोपहर को पीलीभीत से मुख्यमंत्री के काफिले के माधोटाडा की ओर रवाना होने की जानकारी से जहां समिति पर मौजूद अधिकारी कर्मचारियों के दिलों की धड़कने तेज हो गई थीं वहीं गांव वाले काफी उत्साहित नजर आए। लेकिन मुख्यमंत्री माधोटांडा न आकर चूका स्पॉट चले गए। इस पर भी लोगों की उम्मीद नहीं टूटी और वह चूका से वापसी पर आने का इंतजार करने लगे। इस बार भी लोगों को मायूसी ही हाथ लगी। मुख्यमंत्री जंगल मार्ग से ही पीलीभीत की ओर रवानाह हो गए। मुख्यमंत्री का निरीक्षण न होने से अधिकारी कर्मचारियों ने राहत महसूस की वहीं ग्रामीण काफी हताश नजर आए।
-----------