पूरनपुर/बीसलपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 फरवरी को पूरनपुर और बीसलपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 20 फरवरी को बरखेड़ा में जनसभा करेंगे। भाजपा के अमित शाह 21 फरवरी को पीलीभीत शहर के ड्रमंड कॉलेज मैदान में सभा करेंगे। अधिकृत तौर पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रशासन को प्राप्त हो गया है। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि तीनों कार्यक्रमों की तैयारी शुरू हो गई है।
दूसरी ओर एसपी ने पूरनपुर में असम चौराहा स्थित हेलिपैड स्थल और रामलीला मेला मैदान में स्थित सभा स्थल का निरीक्षण किया। सभा स्थल पर लोगों के प्रवेश के गेट को बड़ा कराने के निर्देश दिए। चुनाव में पैरा मिलिट्री अफसरों के रुकने के स्थानों को देखा। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बीसलपुर में जरूरी इंतजाम देखे। पूरनपुर में मेला मैदान को चार ब्लॉकों में बांटा गया है। प्रत्येक ब्लाक में पांच-पांच सौ कुर्सियां रहेंगी। बृहस्पतिवार को एसपी दिनेश पी ने रामलीला मेला मैदान और हेलिपैड स्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा चुनाव में आने वाली पैरा मिलिट्री फोर्स के अफसरों के रुकने को निर्धारित किए गए होटलों का निरीक्षण किया। बीसलपुर में एएसपी डॉ पवित्र मोहन त्रिपाठी ने गुरुवार को सीओ प्रशांत सिंह के साथ रामलीला मैदान के कार्यक्रम के स्थल और हेलिपैड बनाए जाने वाली जगह का निरीक्षण किया।