यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने में मात्र 15 दिन शेष हैं। शासन ने जिले में 87 परीक्षा केंद्रों को स्वीकृति देते हुए इनमें जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन स्थानीय स्तर पर महकमे द्वारा अभी तक इन परीक्षा केंद्रों की सुध नहीं ली गई हैं। कुछ परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर का अभाव है तो कहीं बिजली ही नहीं है। अमर उजाला ने बुधवार को जिले के कुछ परीक्षा केंद्रों का जायजा तो यह तस्वीर नजर आई।
न आदेश मिला और न व्यवस्थाएं हुईं माकूल
शहर स्थित सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में इस बार 1146 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में भाग लेंगे। खास बात यह है कि यहां बिजली की व्यवस्था नहीं है और न ही विभाग द्वारा कोई दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हालांकि कॉलेज प्रशासन खुद ही व्यवस्थाएं कराने में जुटा है।
एसएन इंटर कॉलेज में दावे हवाई-हवाई
शहर के एसएन इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस वर्ष यहां करीब 1007 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बकौल प्रधानाचार्य, कॉलेज में सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। वहीं अगर गौर करें तो यहां कुछ कक्षों की खिड़कियां और दरवाजे जीर्णशीर्ण हालत में हैं।
600 परीक्षार्थी जमीन पर बैठकर देंगे इम्तिहान
गुरुनानक इंटर कॉलेज पूरनपुर परीक्षा केंद्र पर करीब 800 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लेंगे, लेकिन यहां मात्र 200 परीक्षार्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था है। जाहिर है कि छह सौ परीक्षार्थी जमीन पर बैठकर ही परीक्षा देंगे।
एसकेजेपी कॉलेज में इंतजाम अधूरे
एसकेजेपी इंटर कॉलेज बीसलपुर में महज दस कक्षाएं हैं। प्रधानाचार्य मीना कुमारी के मुताबिक यहां फर्नीचर का भी अभाव है। उनके परीक्षा केंद्र पर कितने परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे, अभी तक उनको इसकी जानकारी नहीं हैं। बताते हैं कि यहां भी परीक्षार्थी जमीन पर ही बैठकर परीक्षा देंगे।
शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा केंद्रों को दुरुस्त करने के आदेश दिए जा चुके हैं। अभी परीक्षा शुरू होने में वक्त है, सभी प्रधानाचार्यों को जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- जेके वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक
यूपी बोर्ड परीक्षा 2016
- 87 परीक्षा केद्रों पर होगी बोर्ड परीक्षा
- 31842 हाईस्कूल परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
- 24017 इंटरमीडियट परीक्षार्थी होंगे शामिल