पिता के साथ खेत पर खाद डालने गए कक्षा सात के छात्र की कटना नाले में डूबकर मौत हो गई। हादसा खाद की खाली बोरी धोते वक्त अचानक पैर फिसलने से हुआ। परिवारवालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के कानपुर बंगाली कालोनी निवासी सपन हलधर किसान हैं। इनका चौदह वर्षीय बेटा सुरजीत गांव के ही प्राइमरी विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। रविवार शाम को पिता-पुत्र खेत पर खाद डालने गए हुए थे। खाद डालने के बाद सुरजीत पास के कटना नाले पर बोरी धोने के लिए आ गया। पिता खेत पर ही रुके हुए थे। इस दौरान अचानक पैर फिसलने से छात्र नाले में जा गिरा। पास से गुजर रहे लोगों ने छात्र को डूबते देख चीख पुकार की तो खेत पर काम कर रहे सपन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से छात्र को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिवारवालों के कार्रवाई से इंकार करने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। सोमवार को घरवालों ने छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।