पीलीभीत। नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति फेज -थ्री का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, डीएम पुलकित खरे, एसपी दिनेश कुमार पी ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
गांधी प्रेक्षागृह में मिशन शक्ति अभियान का तृतीय फेस का विशेष अभियान 31 दिसंबर तक संचालित होगा। अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों, उनके लिए संचालित हो रही योजनाएं, महिला हेल्प लाइन नंबर को लेकर जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रमों का आयोजन कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत ने कन्या सुमंगला योजना, बाल संरक्षण, निराश्रित महिला पेंशन सहित महिलाओं से संबंधित कई योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में डीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ साथ सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा। आज नारी शक्ति विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहीं हैं। पुलिस आरक्षी द्वारा सुरक्षा का कार्य, डॉक्टर, नर्स के द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में बीमारियों से सुरक्षा एवं जानकारी प्रदान की जा रही है। परिवार शिक्षा से दूर हैं उनके बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य शिक्षिकाओं द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य अपने अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर- घर जाकर महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य के कार्य करती हैं तो शिक्षिकाएं बच्चों के भविष्य के निर्माण का कार्य कर रही हैं। एसपी ने कहा कि नारी स्वयं में एक शक्ति है। मात्र उसे जागरूक करने की आवश्यकता है। आरक्षी सुमन पांडेय ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं। किसी भी महिला या बालिका को कोई समस्या या परेशानी होती है तो तत्काल डायल 1090 व 112 पर कॉल कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों व क्षेत्रों से संबंधित 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। बैठक में सीडीओ प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
इन महिलाओं को किया गया सम्मानित
सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमएस डॉ. अनीता चैरसिया, पुलिस विभाग की पांच, बहादुरी/शौर्य क्षेत्र में कार्य पांच, स्वास्थ्य विभाग से पांच महिला डाक्टर, पांच महिला नर्स/आशा, दस स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष, शिक्षा विभाग की पांच शिक्षिकाएं, माध्यमिक शिक्षा विभाग में पांच महिला शिक्षक व पांच उच्च शिक्षा विभाग की महिला शिक्षक, दस आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, दस महिला ग्राम प्रधान और पांच महिला बीडीसी को सम्मानित किया गया।
भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार महिलाओं को बढ़ावा दे रही हैं। सरकारें महिलाओं को तरक्की के रास्ते पर ले जा रही है।
भाजपा विधायक शनिवार को नगर के एक बरात घर में पुलिस विभाग की ओर से आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए काफी कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एसडीएम राकेश गुप्ता, सीओ प्रशांत सिंह कोतवाल, कमल सिंह, अर्चना चौहान, विधायक प्रतिनिधि विवेक वर्मा, अमित सिन्हा, सत्य प्रकाश ,चंद्रपाल मौर्य, कस्बा इंचार्ज उमेश यादव, वंशिका माथुर और ममता गंगवार आदि वक्ताओं ने विचार रखे। इस मौके पर कुछ छात्राओं ने जूडो कराटे का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम ने एवं संचालन सत्य प्रकाश ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ने मां सरस्वती के समक्ष दीप जलाकर किया। इस मौके पर विधायक ने कुछ छात्राओं को जूडो कराटे के प्रदर्शन से संबंधित प्रमाण पत्र भी दिए। कुछ छात्राओं ने स्वागत गान एवं सरस्वती वंदना भी प्रस्तुत की। इससे पहले कार्यक्रम में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुए मिशन शक्ति कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। अंत में कोतवाल कमल सिंह ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।