बीसलपुर। बीसलपुर ब्रांच नहर ओवरफ्लो हो जाने के कारण सोमवार को सुबह चीनी मिल के पश्चिमी गेट के सामने कट गई। जिससे नहर का पानी बस्ती की सड़कों पर भर गया। बस्ती में तंबू बनाकर रह रहे भड़भूजों को अपने तंबू उखाड़ कर रेलवे लाइन के किनारों पर लगाने पड़े।
बीसलपुर ब्रांच नहर में पहले से ही काफी पानी था। रविवार को पूरे दिन, पूरी रात बारिश होने से सोमवार को सुबह नहर ओवरफ्लो हो गई और चीनी मिल के पश्चिमी गेट के सामने नहर कट गई। कटी हुई नहर का पानी बिल्कुल पास में स्थित बस्ती की सड़कों, गलियों में भर गया, जिससे बस्ती वालों को काफी दिक्कत हुई। नहर का पानी अब भी बस्ती की सड़कों पर चल रहा है। अभी नहर बांधी नहीं गई है, जबकि बस्ती वालों ने नहर कटते ही इसकी सूचना फोन पर संबंधित अधिकारियों को दे दी थी। कटी नहर न बांधे जाने से बस्ती के लोगों में नहर विभाग के अधिकारियों के प्रति रोष है। पानी भर जाने से इसी बस्ती में तंबू लगाकर रह रहे भड़भूजों को अपने तंबू उखाड़कर पड़ोस में स्थित रेलवे लाइन के किनारे लगाने पड़े। नहर विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि अधीनस्थ कर्मचारियों को कटी हुई नहर तत्काल बांधने के सख्त निर्देश दे दिए गए हैं।